सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खीरी ब्रांच से निकली कठवा माइनर के रविवार दोपहर अचानक फट जाने से किसानों की गेहूं और सरसों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। माइनर के फटते ही तेज बहाव के साथ पानी आसपास के खेतों में भर गया, जिससे कुछ ही समय में सैकड़ों मीटर क्षेत्र जलमग्न हो गया। जानकारी के अनुसार फत्तेखेरवा गांव के दयाराम की तीन बीघा गेहूं की फसल, कठवा निवासी प्रदीप की नौ बीघा सरसों, कठवा के कालू की चार बीघा गेहूं, फत्तेखेरवा के लवकुश की तीन बीघा गेहूं, फत्तेखेरवा के पंकज यादव की तीन बीघा गेहूं, छोटू गौतम की आठ बीघा गेहूं तथा फत्तेखेरवा के काशी की चार बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह पानी में डूब गई। इस प्रकार लगभग 35 बीघा से अधिक क्षेत्र में खड़ी फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो गई है। किसानों का कहना है कि इस समय फसल लगभग तैयार अवस्था में थी, ऐसे में हुए नुकसान से उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ेगा। किसान राघवेंद्र सिंह ने बताया कि कठवा माइनर की हालत काफी समय से जर्जर बनी हुई थी। माइनर की मरम्मत को लेकर कई बार सिंचाई विभाग से शिकायत की गई। लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। समय रहते मरम्मत न कराए जाने का ही नतीजा है कि माइनर फट गई और किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। घटना की सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग प्रखंड प्रथम के एसडीओ तरुण त्रिवेदी ने बताया कि विभागीय टीम को तत्काल मौके पर भेज दिया गया है। स्थिति का आकलन कर माइनर की मरम्मत कराई। वहीं किसान प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की अपेक्षा जता रहे हैं।