कन्नौज में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर संदिग्धों की तलाश की। रविवार देर शाम एसपी विनोद कुमार ने सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय और कोतवाली पुलिस के साथ क्षेत्र में गश्त की। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से डॉग स्क्वॉड और एलआईयू की टीमों ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख होटलों, ढाबों, रैन बसेरों और रेलवे स्टेशन की पार्किंग की सघन तलाशी ली गई। बस स्टैंड पर खड़ी बसों को भी चेक किया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके। होटलों और ढाबों के संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे बिना आईडी प्रूफ के किसी भी व्यक्ति को ठहरने न दें। संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए भी कहा गया। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आमजन और यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांतिपूर्ण वातावरण में गणतंत्र दिवस मनाने की अपील की।