कन्नौज में अज्ञात वाहन की टक्कर से कार पलटी:2 लोग घायल, डैशबोर्ड से 3 लाख रुपए गायब

कन्नौज के मानीमऊ कस्बे में सोमवार दोपहर बाद एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए इस हादसे में कार सवार दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार के डैशबोर्ड में रखे कंपनी के तीन लाख रुपये भी गायब हो गए। कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलटी यह घटना पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास बने यू-टर्न के सामने हाईवे पर हुई। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। कार में जसोदा निवासी अम्तेश दुबे और कानपुर निवासी नवीन पांडे सवार थे, जो कोका-कोला में सेल्स ऑफिसर हैं। दोनों कानपुर जा रहे थे। राहगीरों ने कार में फंसे लोगों को निकाला बाहर हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला और पलटी हुई कार को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। अम्तेश दुबे के अनुसार, गाड़ी पलटने के बाद उसके चारों पहिए ऊपर हो गए थे और वे किसी तरह बाहर निकल पाए। उन्होंने बताया कि घटना के समय कार के डैशबोर्ड में कोल्डड्रिंक कंपनी में जमा करने के लिए तीन लाख रुपये रखे थे, जो हादसे के बाद गायब हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।