कन्नौज में एक दिन पहले जिस युवती की हत्या कर के जला दिया गया था, गुरुवार को उसकी शिनाख्त हो गई। परिजनों ने कोतवाली पुलिस से सम्पर्क किया और शव साथ ले जाने की बात कही। जांच-पड़ताल के बाद शव देने के लिए पुलिस तैयार हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के रितुकला गांव के एक खेत में बुधवार को युवती का शव जला हुआ मिला था। उसके शरीर मे सिर्फ चेहरा ही जलने से बच गया था। फोटो के आधार पर गुरुवार शाम युवती की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के अहमदपुर रौनी गांव निवासी रेशमा ने अपनी 19 वर्षीय बेटी महक के रूप में की। उन्होंने बताया कि महक 20 दिसंबर को गांव का ही एक युवक उसे अपने साथ ले गया था। तब से उसका कुछ पता नहीं चला। बदनामी के डर से उन्होंने पुलिस से इस मामले की शिकायत भी नहीं की थी। युवती का जला हुआ शव मिलने के बाद परिजनों ने फोटो में उसका चेहरा देखा तो महक के रूप में उसकी पहचान की। जिसके बाद वह लोग पुलिस के पास पहुंचे और गांव के ही युवक पर बेटी की हत्या कर शव जलाने के आरोप लगाए। मामले को लेकर एसपी विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच की जा रही। इसके अलावा आरोपी की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि महक के पिता आसिफ अली का निधन हो चुका है। उसका एक भाई रफ्तार कानपुर जेल में बंद है। दूसरा भाई अपने परिवार के साथ अलग रहता था।