कन्नौज जिले के एक गांव में सफाईकर्मी के बेटे से मारपीट के आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस से भीड़ ने अभद्रता की। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से वापस लौट गए। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। यह घटना सौरिख थाना क्षेत्र के अल्हादादपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को सौरिख कस्बे के संजयनगर मोहल्ला निवासी साहिल बाल्मीकि अपनी मां की जगह पर सफाई करने पहुंचा था। सफाई के दौरान अल्हादादपुर गांव के विनय, विक्रम और जयकुमार बाल्मीकि ने साहिल से गाली-गलौज की। जब साहिल ने इसका विरोध किया, तो तीनों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। इस मामले में संजय की तहरीर पर सौरिख थाना पुलिस ने विनय, विक्रम और जयकुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। शनिवार शाम इसी मामले की जांच और आरोपियों को पकड़ने के लिए हल्का इंचार्ज उमेश चंद्र और सिपाही डाल चंद्र गांव पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने जैसे ही आरोपियों को पकड़ा, वहां भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस के साथ हुई इस अभद्रता के वीडियो ग्रामीणों ने बना लिए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वहीं, सौरिख थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि हल्का इंचार्ज उमेश चंद्र अपने हमराह डाल चंद्र के साथ जांच के लिए गांव गए थे। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान ग्रामीणों से कहासुनी हुई है, लेकिन मारपीट या आरोपियों को छुड़ाने की बात गलत है।