कन्नौज में मूक-बधिर युवती का अपहरण:लोडर सवार युवक ने मां के सामने किया अगवा, तलाश में जुटी पुलिस

कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर मंदबुद्धि युवती का लोडर सवार ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। युवती की मां के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने लोडर के आगे लकड़ियां और झाड़ी डाली, लेकिन वह ऊपर से ही लोडर निकाल कर भाग गया। मामले की जानकारी होने पर सीओ तिर्वा और एसपी ठठिया थाने पहुंच गए। यह घटना सोमवार दोपहर बाद की है। ठठिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय मूकबधिर युवती अपनी मां के साथ चारा लेने खेत पर जा रही थी। तभी एक युवक लोडर लेकर आया और जबर्दस्ती युवती को उसमें बैठाने लग गया। मां ने उसका विरोध किया तो युवक ने धक्का दिया और युवती को लोडर पर बैठाकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर गांव वालों ने लकड़ियां और झाड़ी सड़क पर डालकर लोडर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह ऊपर से ही लोडर निकालकर खैरनगर की ओर भाग गया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। ऐसे में पुलिस टीम ने गांव पहुंच कर मामले की जांच शुरू की। देर शाम जानकारी मिलने पर एसपी बिनोद कुमार और सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह ठठिया थाने पहुंच गए। उन्होंने युवती के परिजनों से पूछताछ कर लोडर और युवती को बरामद करने के लिए टीमें लगा दीं। युवती की बहन ने बताया कि वह भले ही 20 वर्ष की हो, लेकिन उसका दिमाग बच्चों की तरह है। पुलिस टीमें तलाश में लग गई हैं। पुलिस अधीक्षक बिनोद कुमार ने बताया कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।