कन्नौज कोतवाली क्षेत्र के मतौली गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, उसकी प्रेमिका ने डाई पीकर जान देने का प्रयास किया, जिसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिजनों द्वारा लगाई गई पाबंदियों से दोनों परेशान थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के मतौली गांव निवासी 19 वर्षीय राजाबाबू का शव शुक्रवार को एक आम के बाग में फांसी के फंदे पर लटका मिला। राजाबाबू अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता था। वह तीन भाइयों और पांच बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई दिल्ली में निजी नौकरी करता है। इसी बीच, गांव की एक युवती ने अपने घर में डाई पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, राजाबाबू का इसी युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिजनों को जानकारी होने पर दोनों पर कई पाबंदियां लगा दी गईं और उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए गए, जिससे उनकी बातचीत बंद हो गई। बताया जा रहा है कि बातचीत बंद होने से परेशान होकर दोनों ने साथ मरने का फैसला किया था। राजाबाबू ने बाग में फांसी लगा ली, जबकि उसकी प्रेमिका ने घर में डाई पीकर जान देने की कोशिश की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।