कन्नौज के सुल्तनापुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर मंगलवार शाम दो बार हमला किया गया। पहली घटना गांव में हुई, जिसके बाद घायल युवक इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचा, जहां हमलावरों ने उस पर दोबारा हमला कर दिया। सदर कोतवाली के मानीमऊ चौकी क्षेत्र स्थित सुल्तनापुर गांव निवासी आरिफ प्राथमिक विद्यालय के पास खड़ा था। तभी गांव के कुछ लोग लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हमलावर आरिफ को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह आरिफ को बचाया। घायल आरिफ जब इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचा, तो हमलावर भी वहां पहुंच गए। शाम करीब 7 बजे उन्होंने आरिफ पर दोबारा हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित आरिफ का आरोप है कि उसने थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही उसका मेडिकल परीक्षण कराया। न्याय की गुहार लगाते हुए आरिफ ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को एक पत्र सौंपा है।