कन्नौज हाईवे पर बस-बाइक की टक्कर, एक की मौत:दो गंभीर घायल, रोडवेज बस जब्त

कन्नौज में अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर एक रोडवेज बस और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। यह घटना जलालपुर अंडरपास के समीप हुई। हरदोई जिले के सवायजपुर थाना क्षेत्र के भूपति नगला गांव निवासी 32 वर्षीय रामवरन शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कोल्ड स्टोरेज जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर जेवा गांव निवासी 25 वर्षीय गजेंद्र और 27 वर्षीय फरमान भी सवार थे। अलीगढ़-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर जलालपुर अंडरपास के पास पहुंचने पर सामने से आ रही एक रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान रामवरन की मृत्यु हो गई। गजेंद्र और फरमान को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।