नववर्ष के अवसर पर समाजसेवी कविता वासवानी ने अपने साथियों के साथ आभा मानव मंदिर वरिष्ठ नागरिक सेवा सदन पहुंचकर बुजुर्गों के साथ खुशियां साझा कीं। हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को तिलक कर मिठाई खिलाई और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सभी वरिष्ठ नागरिकों का इत्र लगाकर और पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत का दौर चला, जिसमें साथियों ने बुजुर्गों के लिए गीत गाए और उनसे उनके मन की बातें सुनीं। स्नेह और अपनत्व से भरे इस माहौल ने बुजुर्गों में जोश और ऊर्जा भर दी। वरिष्ठ नागरिकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह मनोरंजक और हास्य से भरी खुशनुमा शाम उनके लिए अविस्मरणीय रहेगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने साथ बैठकर भोजन किया और एक-दूसरे के साथ नए साल की खुशियां साझा कीं।