बिल्हौर में कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा चंडाली गांव के सामने स्थित ओवरब्रिज पर हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शाहमपुर कोट के रहने वाले संजू राठौर (45) के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी के साथ शटरिंग का काम भी करते थे। वर्तमान में संजू बिल्हौर के मानस विहार में अपने परिवार के साथ रहते थे। जिसमें उनकी पत्नी सीमा, बेटा हर्षित (13) और बेटी श्रद्धा (9) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, संजू बुधवार रात बिल्हौर से अपने गांव शाहमपुर कोट जा रहे थे। ओवरब्रिज पर उल्टा दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और संजू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने हाईवे एंबुलेंस की मदद से संजू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें संजू की मौत की खबर मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।