कानपुर देहात, 02 मार्च 2026। होली जैसे प्रमुख त्योहार के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कानपुर देहात पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मूसानगर क्षेत्र के गजनेर तिराहे पर चेकिंग के दौरान 82 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी मिठाई बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई। यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। संयुक्त टीम ने ऑटो रिक्शा संख्या UP77AT5104 को रोककर तलाशी ली। वाहन को वीनू कुमार पुत्र स्व. रामप्रकाश, निवासी जिठरौली, थाना गजनेर चला रहा था। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में मिठाई मिली, जिसकी जांच में मिलावट की आशंका सामने आई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राम तेज ने मौके पर ही मिठाई के नमूने एकत्र किए, उन्हें सील किया और प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बरामद मिठाई की पूरी खेप को तुरंत नष्ट कर दिया गया। नष्ट की गई मिठाई में 59 किलोग्राम बर्फी और 23 किलोग्राम डोडा बर्फी शामिल थी। इस अभियान में थाना मूसानगर से प्रभारी निरीक्षक रीना गौतम और उपनिरीक्षक बन्दूलाल भी शामिल थे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय और अमरौधा ब्लॉक तहसील भोगनीपुर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राम तेज ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा की गई यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।