कानपुर-पुलिस की महिला आयोग को ‘हद में रहने’ की नोटिस:सदस्य बोलीं- JCP मानसिक पीड़ित, हमें न बताएं हमारे अधिकार

कानपुर पुलिस और महिला आयोग में ठन गई है। आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता ने 22 नवंबर को बर्रा थाने का जायजा लिया था। यह बात जॉइंट कमिश्नर (JCP) विनोद कुमार सिंह को ठीक नहीं लगी। उन्होंने अनीता गुप्ता को नोटिस जारी किया है। जिसमें क्षेत्र और अधिकारों को लेकर नसीहत दी है। नोटिस पर अनीता गुप्ता नाराज हो गईं। उन्होंने पुलिस पर अभद्र भाषा इस्तेमाल करने और अधिकार से बाहर कदम उठाने का आरोप लगाया। अनीता गुप्ता ने कहा- JCP मुझे नोटिस देने के लिए अधिकृत ही नहीं हैं। उन्होंने पूछा- किस अधिकार से यह नोटिस जारी किया गया? मुझे तो लगता है कि यह व्यक्ति मानसिक रूप से पीड़ित है। वहीं, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉक्टर बबिता सिंह चौहान ने कहा- मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल, अब कानपुर पुलिस और महिला आयोग सदस्य अनीता गुप्ता के बीच तकरार ठन गई है। अनीता गुप्ता बोलीं- आयोग स्तर पर कार्रवाई की जाएगी
अनीता गुप्ता ने बताया- उनके आवास पर नोटिस पहुंचा है। नोटिस में राज्य महिला आयोग की सदस्य के लिए जिस तरह की अभद्र भाषा का उपयोग किया गया, उससे स्पष्ट होता है कि उस व्यक्ति की आम महिलाओं के प्रति मानसिकता क्या है। नोटिस के बारे में आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान को इसकी जानकारी दी। उन्होंने आयोग स्तर पर कार्रवाई करने की बात कही है। अनीता गुप्ता ने कहा- निश्चित ही ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बने हैं तो कुछ योग्यता रही होगी। मैं उन्हें जानती नहीं, न उनकी शक्ल देखी और न उनका नाम सुना है। जनसुनवाई में महिला अपराधों का पूरा विवरण हम थानेवार ही लेते हैं। उन्होंने कहा कि अब यह तय किया जाएगा कि हमारे अधिकार क्या हैं और किस सीमा तक हैं। जेसीपी ने क्या लिखा, पढ़िए… नोटिस में जेसीपी ने लिखा- 22 नवंबर को आपके (अनीता गुप्ता) द्वारा थाना बर्रा का निरीक्षण किया गया। कानूनी प्रावधानों और निर्धारित क्षेत्राधिकार के अनुसार राज्य महिला आयोग के सदस्यों को पुलिस थानों का सीधे निरीक्षण करने का अधिकार नहीं है। ऐसे निरीक्षणों से दैनिक पुलिस कार्य में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न होता है, जिससे जनता को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाएं और आपातकालीन दायित्व प्रभावित होते हैं। अपेक्षा की जाती है कि आप अपने प्रदत्त अधिकारों एवं शक्तियों के अंतर्गत ही कार्य करें। पुलिस विभाग के कार्य, व्यवस्था और आंतरिक कार्यप्रणाली से संबंधित निरीक्षण आपके क्षेत्राधिकार में शामिल नहीं है। अतः भविष्य में ऐसे निरीक्षणों से बचना अपेक्षित है। दो दिन पहले किया था निरीक्षण
राज्य महिला आयोग की सदस्य अनिता गुप्ता ने 22 नवंबर को बर्रा थाने का जायजा लिया था। उन्होंने थाने में महिला बैरक, शौचालय, हेल्प डेस्क देखी। इस दौरान थाने में घरेलू मामले की शिकायतें लेकर आईं दो महिलाओं की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क में प्राप्त शिकायती पत्र पर शिकायतकर्ताओं से बात भी की। सभी ने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि जाहिर की। इस मौके पर थाना प्रभारी रविंद्र श्रीवास्तव, थाने का स्टाफ मौजूद था। ——————— ये खबर भी पढ़ें… यूपी में बच्ची के सिर से गुजरा डंपर, VIDEO:मां चीखकर बोली- पति के बाद बेटी छीन ली…भगवान मुझ पर दया नहीं आती मैनपुरी में सड़क हादसे में 6 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार को बच्ची ममेरी बहन के साथ स्कूटी से स्कूल जा रही थी। रास्ते में पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। स्कूटी सवार दोनों गिर गई। डंपर का पहिया बच्ची के सिर पर से गुजर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन जख्मी हो गई। पढ़ें पूरी खबर…