कानपुर देहात में आटा चक्की में विस्फोट होने से हाई स्कूल के छात्र की मौत हो गई। वह चक्की के सामने खड़ा था। तभी चक्की का पत्थर लोहे का ढक्कन फाड़ते हुए उसके सिर में जा घुसा। सिर फटते ही वह मौके पर गिर पड़ा। छात्र अपने बाबा के लिए बाजरा पिसवाने के लिए गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें मौके पर पांच लोग खड़े दिख रहे हैं। चक्की फटते ही चारों ओर आटे का सफेद धुआं फैल गया। सभी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। लेकिन मोहित वहीं पर गिरा पड़ा रहा। घटना रूरा थाना क्षेत्र के सरगांव बुजुर्ग गांव की है। घटना के 2 फुटेज देखिए अब घटना विस्तार से… रूरा के सरगांव बुजुर्ग के रहने वाले संजय के चार बेटों में मोहित (16) दूसरे नंबर का था। वह 10वीं का छात्र था। उसके भाई रोहित, सोहित आर्यन हैं। शनिवार को 75 साल के बाबा संतलाल ने बाजरे की रोटी खाने की इच्छा जाहिर की। गांव के लोगों ने बताया कि मोहित बाबा का बहुत चहेता था, वो उनकी हर बात मानता था। वह बाबा के लिए साइकिल से बाजरा पिसवाने के लिए चक्की के लिए निकल पड़ा। सीसीटीवी में क्या दिखा, वो पढ़िए मोहित दोपहर करीब साढ़े तीन बजे चक्की में पहुंचा। उस समय चक्की चल रही थी। उसने चक्की मालिक से बाजरा पीसने को कहा। फिर वहीं खड़े होकर इंतजार करने लगा। वो हाफ पैंट पहने चक्की के पास खड़ा था, जबकि उसके साथ 4 और लोग खड़े थे। एक बुजुर्ग चक्की चला रहा था, जबकि बाकी दो लड़के मोहित के पास ही खड़े थे। तभी अचानक आटा चक्की में ब्लास्ट हो गया। चक्की में लगा पत्थर उसके लोहे के कवर को तोड़ते हुए सामने खड़े मोहित के सिर के पिछले हिस्से में जा लगा। इसके बाद चारों ओर आटे का सफेद धुआं फैल गया। मोहित जमीन पर गिरा, फिर नहीं उठा घटना के बाद आनन-फानन में चक्की बंद की गई। साथ में खड़े दो लड़कों ने मोहित को जमीन पर गिरा देखा। दोनों खून देख डर के मारे मौके से भाग गए। उसके बाद चक्की चला रहे बुजुर्ग ने देखा तो मोहित जमीन पर पड़ा था। उसके सिर से खून निकल रहा था। उन्होंने मोहित को उठाया और बाहर निकालकर लाए। शोर और धमाके की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गांव वाले जब तक मोहित को लेकर अस्पताल पहुंचाते, इससे पहले उसकी सांसें थम चुकी थीं। मोहित की मौत की खबर मिलते ही परिजन भागते हुए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। रुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद चक्की मालिक से पूछताछ की। लड़के के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। ———————————- ये खबर भी पढ़ें शादी से पहले दूल्हे समेत 4 चचेरे भाइयों की मौत:कल बारात जानी थी, 3 इकलौते थे; हरिद्वार जाते वक्त शामली में हादसा शामली में बेकाबू स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े कैंटर में घुस गई। हादसे में चार चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें से एक की कल शादी होनी थी। शादी से पहले चारों ने हरिद्वार जाकर गंगा नहाने का प्लान बनाया था। लेकिन, रास्ते में हादसा हो गया। मृतकों में से 3 अपने-अपने परिवार में इकलौते थे। पूरी खबर पढ़ें