कानपुर में जन्मदिन की पार्टी में ताबड़तोड़ फायरिंग, मारपीट:थाने से 500 मीटर दूर गेस्ट हाउस में हुआ विवाद, बिखरे मिले खाली-खोखे

कानपुर के महाराजपुर में गुरुवार रात एक जन्मदिन पार्टी के दौरान बेखौफ दबंगों ने ऐसा उत्पात मचाया कि मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई। थाने से महज 500 मीटर दूरी पर स्थित वृंदावन मैरिज होम में आयोजित पार्टी में आरोपियों ने पहले हर्ष फायरिंग की और रोकने पर मारपीट शुरू कर दी। गोलीबारी और हिंसा से घबराकर लोग अपनी जान बचाने के लिए चारों ओर भागते नजर आए। किसी तरह लाइटें बंद कराकर हालात काबू में लाए गए। शुक्रवार को पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बर्थडे पार्टी में फायरिंग के बाद हुई बहस महाराजपुर कस्बा निवासी मयंक दीक्षित का जन्मदिन वृंदावन लॉन में मनाया जा रहा था। मयंक के बड़े भाई ने बताया कि पार्टी के दौरान रहनस निवासी वीरवर्द्धन अपने साथियों के साथ लॉन में पहुंचा और आते ही हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। कुछ आरोपियों ने शराब भी पी रखी थी और वे अंधाधुंध गोलियां चला रहे थे। यह देखकर आयोजकों ने वीरवर्द्धन से बात की और फायरिंग रोकने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद वीरवर्द्धन और उसके साथी वहां से चले गए। 40–50 लोगों का हमला, फिर चली गोलियां पीड़ितों के मुताबिक, थोड़ी देर बाद आरोपी 40–50 लोगों के बड़े समूह के साथ वापस आ गए। आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और दुबारा फायरिंग में जुट गए। जब आयोजकों ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनसे मारपीट की। इस हमले में मयंक दीक्षित, उनके बड़े भाई समेत कई लोगों को चोटें आईं। फायरिंग से भगदड़ मच गई और मेहमान इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाने लगे। इसी दौरान कुछ लोगों ने दौड़कर मैरिज होम की लाइटें बंद करवा दीं, जिससे ज्यादातर लोग सुरक्षित बाहर निकल सके। घटना स्थल से कई खाली कारतूस मिले। फायरिंग इतनी नजदीक से हुई कि एक गोली हलवाई के बड़े भगौने में जा लगी, जिससे उसमें छेद हो गया। वहीं मारपीट के दौरान एक कार के शीशे भी टूट गए। शुक्रवार सुबह खुला मामला, पुलिस सक्रिय हैरानी की बात यह रही कि थाने की दूरी मात्र 500 मीटर होने के बावजूद पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार सुबह पीड़ितों ने शिकायत दी, जिसके बाद एसीपी कैंट आकांक्षा पांडेय पुलिस बल के साथ मैरिज होम पहुंचीं। अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, घायल लोगों से बातचीत की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। दूसरा पक्ष- बोला- फायरिंग तो आयोजक कर रहे थे उधर, आरोपी पक्ष ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इंकार किया है। वीरवर्द्धन ने कहा कि वह सिर्फ मैरिज होम में वॉशरूम गया था। उसी समय आयोजकों की ओर से ही हर्ष फायरिंग की जा रही थी। उसके मुताबिक, वहीं से दूसरे पक्ष ने गाली-गलौज शुरू की और मारपीट की कोशिश की। उसका दावा है कि उसकी ओर से न फायरिंग हुई और न ही मारपीट। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से वर्चस्व को लेकर खींचतान चल रही थी। उसी तनाव के चलते फायरिंग और मारपीट की घटना भड़की। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। एसीपी बोलीं- कार्रवाई होगी एसीपी आकांक्षा पांडेय ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है। प्राप्त तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान की जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।