कानपुर में ब्रजेश पाठक बोले- यादव सबसे बड़े सनातनी:दंगल के बहाने सपा के गढ़ में BJP की सेंध; चौधरी सुखराम बोले-अब हम भाजपा के साथ

दंगल के दांवपेंच के बहाने कानपुर के मेहरबान सिंह के पुरवा से सपा को राजनैतिक पटकनी देने की तैयारी BJP ने कर ली है। सपा पर पहला दांव तो चौधरी हरमोहन सिंह यादव के पोते मोहित यादव ने बीजेपी ज्वाइन कर खेला। इसके बाद लगातार मोहित यादव पार्टी में कार्यक्रमों को लेकर सक्रिय रहे, लेकिन रविवार को सपा से राज्यसभा से पूर्व सांसद चौधरी सुखराम सिंह यादव ने मंच से दांव के बाद राजनीति के अखाड़े में पटकनी देने का काम भी पूरा कर दिया। चौधरी सुखराम ने कहा- अब हम भी भाजपा के साथ हैं। उधर, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- यादव समाज सबसे बड़े सनातनी हैं। दुनिया में जब जब सनातन धर्म पर हमला हुआ हैं। यादव समाज ने आगे बढ़ कर टकराकर हमला करने वाले को मिटाने का काम किया है। सपा का गढ़ कहलाने वाले मेहरबान सिंह के पुरवा में BJP कैसे सेंध लगा रही, पढ़िए रिपोर्ट… सपा का गढ़ मेहरबान सिंह का पुरवा क्यों रहा
स्व चौधरी हरमोहन सिंह यादव महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। देश के अलग-अलग प्रांतों के सभी यादव उनका बहुत सम्मान करते थे। राजनीतिक जानकार कहते हैं, कि मुलायम सिंह यादव को नेता बनने में हरमोहन सिंह यादव की बड़ी भूमिका थी। इसीलिए चौधरी हरमोहन सिंह का मुलायम सिंह यादव बहुत सम्मान करते थे। चौधरी हरमोहन सिंह यादव के पुत्र चौधरी सुखराम सिंह यादव राज्यसभा के सांसद रहे। विधान परिषद के पूर्व सभापति थे। जब भी उत्तर प्रदेश में सपा की सत्ता रही तो मेहरबान सिंह का पुरवा को सत्ता का केंद्र कहा गया। प्रदेश और देश में यादवों को साधने के लिए मेहरबान सिंह पूर्व की जरूरत हमेशा मुलायम सिंह यादव को रही। चौधरी सुखराम सिंह ने मंच से क्या कहा- अब गांव में मोहित ने समाजवादी पार्टी छोड़ कर BJP ज्वाइन कर ली थी। अब ये बीजेपी का गांव हो गया हैं। विधान परिषद पूर्व सभापति सुखराम ने दैनिक भास्कर से कहा राजनीति और दंगल बराबर है। इसमें भी झटके लगते हैं। राजनीति में भी झटके लगते हैं। मुलायम सिंह यादव चरखा दांव जानते थे। चरखा दांव भी लगाते। हम भी शिष्य है। कहीं न कहीं उसका प्रभाव पड़ेगा । इसका असर आगे देखने को मिलेगा। संस्कार हमारे आगे बढ़ें, दंगल को बीजेपी आगे बढ़ाए, हमारे गांव का विकास हो। चौधरी हरमोहन के पौत्र चौधरी मोहित चौधरी ने मंच से क्या कहा- हरमोहन सिंह का पुरवा अब राष्ट्रवाद की धरती बन चुकी हैं। जहां हर घर में परम्परागत भगवा ध्वज भी लहराता हैं। मेहरबान सिंह के पुरवा का हर युवा ध्वज प्रणाम भी करता हैं। सपा के गढ़ में BJP का कब्जा कैसे हुआ
चौधरी हरमोहन सिंह के निधन के बाद चौधरी सुखराम सिंह पार्टी से जुड़े रहे। मुलायम सिंह का परिवार से नाता चलता रहा, लेकिन मुलायम सिंह के निधन के बाद पारिवारिक और राजनीतिक दूरियां बढ़ गई। इसके बाद चौधरी हरमोहन सिंह के पौत्र मोहित यादव ने बीजेपी ज्वाइन किया। बीजेपी ज्वाइन करने के बाद मोहित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसके अलावा बीजेपी में एक्टिव दिखे। दंगल का पोस्टर जारी करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मेहरबान सिंह के पुरवा पहुंचे। दंगल के जरिए सपा को BJP की सियासी पटकनी
इंटरनेशनल अंतरराष्ट्रीय दंगल का आयोजन किया गया। जहां मेहरबान सिंह के पुरवा में समाजवादी पार्टी को BJP ने सियासी पटकनी भी दे दी। दंगल के कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को मुख्य अतिथि बनाया। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह पहुंचे। मंत्री राकेश सचान भी पहुंचे। झारखंड के पूर्व मंत्री मनोज यादव पहुंचे। पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी पहुंचे। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहीर पहुंचे। ब्रजेश पाठक बोले- यादव समाज सबसे बड़े सनातनी
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- यादव समाज से कहना चाहता हूं कि आप सबसे बड़े सनातनी हैं। दुनिया में जब जब सनातन धर्म पर हमला हुआ हैं। यादव समाज ने आगे बढ़ कर टकराकर हमला करने वाले को मिटाने का काम किया है। हमारा भाई, हमारा बेटा मोहित इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। भगवान राम तो प्रसन्नता के साथ अयोध्या में रामलाल मंदिर में विराजमान हो गए हैं। इसमें आप सब लोगों का आशीर्वाद मिला है। लेकिन भगवान कृष्ण कब मथुरा में बांसुरी बजाएंगे। ये आप लोग तय करेंगे। यादव समाज से कहना चाहता हूं, जिन मुगालिया संस्कृति ने तोड़ मरोड़ किया था । आपका कर्तव्य बनता है, कि भगवान कृष्ण की को भी बांसुरी बजाने का अवसर देना चाहिए। यादवों का क्या कहना है पढ़िए
विशिष्ट स्थिति के तौर पर दंगल में आए शुगर सिंह यादव ने कहा चौधरी साहब सुखराम यादव जी, आज नहीं रहे, तो क्या पूर्व सांसद जी हैं और उनके बाद मोहित यादव हैं। 50 प्रतिशत यादव आज बीजेपी के साथ है। समाज बीजेपी के साथ जाएगा चौधरी परिवार जहां कहेगा वहां जाएगा। हमारे लिए चौधरी परिवार और सांसद जी ही सब कुछ है वह जहां चाहेंगे लोग उधर मुड़ जाएंगे। विनय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मैं यहां मेहरबान सिंह पूर्व में रहता हूं और यही बड़ा हुआ। मेहरबान सिंह पूर्व में चौधरी साहब के परिवार का समय था नहीं बल्कि हमेशा रहेगा। यादव समाज पूर्व सभापति जी के साथ हमेशा रहेगा। यादव समाज जोड़कर यहां भगवा हो रहा है।