कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित झाड़ी बाबा इलाके से एक तीन वर्षीय बच्ची लापता हो गई। बच्ची की मां ने काफी खोजबीन के बाद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर बच्ची को बेकनगंज क्षेत्र के रहमानी मार्केट के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया और परिजनों को सौंप दिया। दूध मंडी, झाड़ी बाबा पड़ाव निवासी शबनूर ने बताया कि वह परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे वह घर खाना लेने गई थीं, जबकि उनकी तीन वर्षीय बेटी चौराहे पर स्थित मंदिर के बाहर खेल रही थी। जब वह वापस लौटीं, तो बेटी वहां नहीं मिली। शबनूर ने पहले अपने स्तर पर क्षेत्र में और रिश्तेदारों से संपर्क कर बच्ची की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थक-हारकर कैंट पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, बच्ची खेलते-खेलते रास्ता भटक गई थी और बेकनगंज पहुंच गई थी। थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि सूचना मिलते ही बच्ची की तलाश के लिए दो टीमें गठित की गईं। पुलिस ने शहर के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसकी मदद से बच्ची को बेकनगंज थाना क्षेत्र के रहमानी मार्केट से बरामद किया गया। आवश्यक पूछताछ और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।