कानपुर में शादी-बारात के ट्रैफिक जाम से निपटने की तैयारी:पुलिस ने होटल-गेस्ट हाउस संचालकों संग की बैठक,पार्किंग स्थलों पर भी चर्चा

कानपुर में कार्तिक पूर्णिमा के बाद शादियों का सीजन शुरू हो गया है। इस दौरान गेस्ट हाउस, लॉन और मैरिज हॉल के बाहर भीड़ बढ़ने से यातायात जाम की स्थिति बन रही है। इस समस्या से निपटने के लिए कानपुर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में, पुलिस आयुक्त कार्यालय सभागार में डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने शहर के सभी होटल, गेस्ट हाउस और लॉन संचालकों के साथ एक बैठक की। बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और पार्किंग को सुव्यवस्थित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। डीसीपी ने संचालकों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करें, ताकि सड़कों पर वाहनों की भीड़ न लगे और आम लोगों को असुविधा न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विवाह कार्यक्रमों के दौरान स्टाफ और स्वयंसेवक तैनात किए जाएं, जो वाहनों की पार्किंग और यातायात की निगरानी करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शादी के सीजन में पुलिस की टीमें भी लगातार निगरानी रखेंगी ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रहे।