कानपुर में स्कॉर्पियो चालक ने ई-ऑटो को मारी टक्कर:पुरानी रंजिश में कई लोगों को कुचलने का प्रयास, CCTV में कैद

कानपुर के जाजमऊ स्थित संजय नगर में पुरानी रंजिश के चलते विवाद हो गया। एक स्कॉर्पियो चालक ने ई-ऑटो और तीन बाइकों को टक्कर मार दी, साथ ही कई लोगों को कुचलने का प्रयास किया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस घटना में फुरकान नामक युवक घायल हो गया। युवकों द्वारा कार रोकने का प्रयास करने पर चालक ने गाड़ी भगाने के चक्कर में लोगों पर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद स्कॉर्पियो मौके से फरार हो गई। ई-ऑटो चालक ने बताया कि विवाद हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ था, जिसके बाद स्कॉर्पियो चालक चला गया था। बाद में राजा अपनी मां और दोस्त नूर के साथ मोहल्ले में आकर हंगामा करने लगा। इसी दौरान राजा ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। जाजमऊ की आशियाना कॉलोनी निवासी गुड़िया ने बताया कि रविवार को उनका छोटा बेटा जाजमऊ चुंगी से घर लौट रहा था। तभी संजय नगर निवासी शोएब ने उसे जाजमऊ चौराहे पर रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। शाम 5:10 बजे जब बेटा क्लिनिक के लिए निकला, तो संजय नगर पहुंचते ही एक दर्जन से अधिक युवकों ने उसे रोककर पीटा और बंधक बना लिया। बेटे ने फोन कर मां से मदद मांगी। जब गुड़िया अपने बड़े बेटे राजा के साथ मौके पर पहुंचीं, तो वहां मौजूद एक दर्जन से अधिक युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। घटना का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है। रविवार शाम 5:57 बजे एक काली स्कॉर्पियो घटनास्थल पर पहुंची। लोगों ने कार को घेरने का प्रयास किया, जिसके बाद कार चालक ने ई-ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वहां भगदड़ मच गई। चालक ने दोबारा कार पीछे करके ई-ऑटो में टक्कर मारी और तीसरी बार कार बैक करके दाहिनी ओर खड़े लोगों को टक्कर मारने का प्रयास किया, लेकिन वे भागकर बच गए। चौथी बार जब कार पीछे आई, तो वहां खड़े लोग गली में भाग निकले, जिसके बाद स्कॉर्पियो मौके से फरार हो गई। जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।