कानपुर में गंगा बैराज पर 3 पुलिसवालों को रौंदने वाली कार को पुलिस सिर्फ 7.5Km तक ट्रेस कर सकी। कोठारी चौराहा (बिठूर) तक कार CCTV में दिखी, उसके बाद गायब हो गई। पुलिस के मुताबिक, यहां से कार सिर्फ 3 रूट पर जा सकती है। पहला- कल्याणपुर की तरफ। दूसरा- बिठूर के अंदर। तीसरा- मंधना की तरफ। इस रूट से बदमाश कन्नौज होकर झांसी या औरेया की तरफ जा सकते हैं, या लखनऊ की तरफ भी भागकर आ सकते हैं। सबसे बड़ी बात ये रही कि हुंडई ऑरा कार पर नंबर प्लेट नहीं थी। इसलिए पुलिस कार सवारों को खोज नहीं पा रही है। पढ़िए रिपोर्ट… पुलिस वाले की आंखों देखी 250 मीटर पहले कार रुकी, फिर 110 की रफ्तार में बैरिकेडिंग से टकराई
गंगा बैराज पर हुए हिट एंड रन मामले में घायल दरोगा पूरन सिंह से ‘दैनिक भास्कर’ टीम ने बात की। उन्होंने 23 दिसंबर की शाम को 6.30 बजे हुई पूरी वारदात का आखों देखा हाल बताया। पढ़िए बातचीत… ‘कोहना थाना प्रभारी प्रतीक सिंह के साथ अटल घाट चौकी प्रभारी संजय कुमार थे। मैं भी फोर्स के साथ वहीं तैनात था। बैराज रोड पर बैरिकेडिंग की गई थी। हम लोग संदिग्ध गाड़ियों को चेकिंग के लिए रोक रहे थे। मैं सड़क के दाईं ओर डिवाइडर पर खड़ा था। चौकी प्रभारी संजय कुमार, होमगार्ड हरि किशन, कोहना थाना प्रभारी के साथ सड़क के बाएं ओर खड़े हुए थे। कार और उसमें बैठे लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ा जा रहा था। एक लाल रंग की कार को चेक करने के बाद मैं डिवाइडर पर खड़ा हो गया था। इसी दरम्यान नवाबगंज की तरफ से एक काली रंग की ऑरा कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस चेकिंग देखकर कार के ड्राइवर ने करीब 250 मीटर पहले ही गाड़ी को रोक दिया। फिर कार बहुत स्लो स्पीड में हमारी तरफ बढ़ने लगी। हमें लगा कि बैरिकेडिंग पर आकर कार रुक जाएगी, मगर ड्राइवर ने अचानक स्पीड बढ़ा दी। तेजी से बैरिकेडिंग को टक्कर मार दी। मैं जब तक कुछ समझ पाता, तब तक बैरिकेडिंग के नीचे दब चुका था। मैंने सिर उठाकर देखा तो सड़क पर चौकी प्रभारी संजय कुमार और होमगार्ड हरिकिशन पड़े हुए थे। हरिकिशन के सिर से खून निकल रहा था। हमारे साथियों ने कार का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन कार करीब 110–120 की रफ्तार से निकल गई। चौकी प्रभारी और होमगार्ड को साथी पुलिसकर्मियों ने उठाया और मुझे बाइक सवार दो युवकों ने उठाकर पुलिस जीप में बैठाया था। फिर मुझे अस्पताल ले जाया गया। जहां मेरा इलाज हुआ।’ अब घायल पुलिसवालों का मेडिकल बुलेटिन जानिए दरोगा का गाजियाबाद में ऑपरेशन होगा
इस वारदात में 3 पुलिसवाले घायल हुए हैं। अटल घाट चौकी के इंचार्ज संजय कुमार के दाएं पैर की हड्डी टूटी है। शरीर पर भी 3-4 जगह पर चोटें हैं। उनको बुधवार को डिस्चार्ज किया गया है। वहीं, दरोगा पूरन सिंह के घुटने के नीचे जॉइंट वाली हड्डी टूट गई है। पैर में कुछ गहरे घाव हैं, जिस पर टांके लगाने पड़े हैं। उनके घुटने का ऑपरेशन करना पड़ेगा, इसके लिए वो गाजियाबाद जाएंगे। होमगार्ड हरिकिशन के सिर, हाथ और पैर पर चोट आई हैं। बदमाशों तक पहुंचने के लिए 4 पुलिस टीमों को एक्टिव किया है- टीम 1. RTO – पता किया जा रहा है कि कानपुर जिले में कितनी ऑरा कार हैं, जिनका रजिस्ट्रेशन है। टीम 2. CCTNS कंट्रोल रूम – CCTV की मदद से बदमाशों को ट्रेस किया जा रहा है। टीम 3. गंगा बैराज – कंट्रोल रूम के CCTV फुटेज भी ली गई है। इसमें कार के मूवमेंट को देखा जा रहा है। टीम 4. कानपुर और देहात के थाने- पिछले 6 महीने में चोरी हुई ऑरा कारों की डिटेल जुटा रही है, पुलिस मान नही है कि इस वारदात में चोरी की गाड़ी का इस्तेमाल हो सकता है। चेकिंग की वजह जानिए विधायक लिखी कार में शराब पीते मिले लड़के
जहां ये वारदात हुई है, वहीं पर शनिवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिसवालों के साथ चेकिंग की थी। इस दौरान 2 कार सवार नशे में मिले थे। इसमें 1 कार पर विधायक का पास भी लगा हुआ था। पुलिस अफसर क्या कहते हैं… इस मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने कहा- पुलिस ने संभावित स्थान जैसे जिससे गंगा बैराज और कोठारी चौराहे के आसपास के इस्कॉन मंदिर, एनआरआई सिटी, सिंहपुर चौराहे, मैनावती रोड के 150 CCTV देखें हैं, लेकिन नंबर प्लेट नहीं होने से थोड़ा वक्त लग रहा है। वह कहते हैं- घटना के बाद आरोपी करीब 120 किमी की रफ्तार से भागे हैं, आखिरी बार उन्हें करीब 7.5 किलोमीटर दूर कोठारी चौराहे पर देखा गया। जहां पहुंचने में उन्हें अधिकतम एक घंटे का समय लगा होगा, इसलिए आरोपियों की तलाश के लिए गंगा बैराज और कोठारी चौराहे पर बीटीएस (बेस ट्रांस-सीवर स्टेशन) का इस्तेमाल किया जा रहा है। जिसके जरिए पुलिस घटना के समय गंगा बैराज पर मौजूद और कुछ समय बाद कोठारी चौराहे पर मौजूद नंबरों का डेटा फिलट्रेशन कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। …………….. ये पढ़ें – कानपुर में कार सवारों ने 2 दरोगा- होमगार्ड को रौंदा, एक SI 10 फीट दूर गिरा; आरोपी तीन बैरियर तोड़कर भाग निकले कानपुर में कार सवारों की दबंगई सामने आई है। कार ड्राइवर ने 2 दरोगा और एक होमगार्ड को रौंद दिया। टक्कर से दरोगा और होमगार्ड 10 फीट दूर जा गिरे। इससे दरोगा का बायां पैर टूट गया और होमगार्ड गंभीर घायल है। वहीं, दूसरे दरोगा को हल्की चोटें आईं हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़िए पूरी खबर…