उत्तर प्रदेश दिवस 2026 की तैयारियों के बीच कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी को छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को न केवल कानपुर बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी एक महत्वपूर्ण संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं में इसे सांसद की बढ़ती स्वीकार्यता और संगठनात्मक भरोसे का प्रमाण माना जा रहा है। सांसद अवस्थी को यह जिम्मेदारी उनकी कार्यक्षमता और सक्रिय भूमिका को देखते हुए सौंपी गई है। इससे कानपुर की राजनीतिक हैसियत राष्ट्रीय मंच पर और मजबूत हुई है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह नियुक्ति आने वाले समय में कानपुर की भूमिका को और प्रभावशाली बनाएगी। इस कार्यक्रम के तहत 24 जनवरी को लोक भवन/लोक निवास में मुख्य आयोजन होगा। इसमें देशभर के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जहां उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह पहल यूपी दिवस को केवल राज्य तक सीमित न रखकर देशव्यापी और वैश्विक पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। 24 से 26 जनवरी तक चलने वाले तीन दिवसीय आयोजनों में संस्कृति, विकास और ‘विकसित यूपी–विकसित भारत’ की थीम प्रमुख रहेगी। यह नियुक्ति केवल एक प्रतिनिधित्व नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और राजनीतिक ताकत को देश के हर कोने तक पहुंचाने की रणनीति का एक अहम हिस्सा भी है।