कारोबारी की पत्नी ने छह पर दर्ज कराया केस:करोड़ों के नुकसान की वजह से मारी थी गोली, साजिश के तहत दिया असलहा

लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित रिवर व्यू ऑर्किड मॉल में अपने ऑफिस में रीयल एस्टेट कारोबारी अभिषेक दत्त के खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास करने के मामले में पत्नी ने पार्टनर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पत्नी ने आत्महत्या के लिए उकसाने, प्रताड़ना, मारपीट और कंपनी हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि ग्रीनवुड अपार्टमेंट बी-ब्लॉक निवासी नेहा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है। उनका कहना है पति की आइकन इंफ्रा और कैस्पकन नाम से कंपनियां हैं, जिनमें अमितेंद्र सिंह, रत्नेश सिंह, हरदीप सिंह, संतोष बाजपेयी, अनिल कुमार और हरिविलास यादव पार्टनर हैं। शनिवार शाम करीब पांच बजे अभिषेक को दफ्तर में गोली लगने की सूचना मिली। यह जानकारी दफ्तर के एसोसिएट आशीष श्रीवास्तव ने नेहा के भाई वैभव भटनागर को फोन पर दी। मौके पर मौजूद अजय कुमार, रितुराज श्रीवास्तव और आशीष श्रीवास्तव अभिषेक को आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उन्हें भर्ती कराया गया। पर्स में मिला सुसाइड नोट अस्पताल में डॉक्टर ने अभिषेक का पर्स परिजनों को सौंपा। नेहा ने घर पहुंचकर पर्स खोला तो उसमें सुसाइड नोट मिला। नोट में साफ तौर पर पार्टनरों के नाम लिखे थे। इसमें लिखा था कि अमितेंद्र सिंह निवासी वृंदावन कॉलोनी, रत्नेश सिंह, हरदीप सिंह, संतोष बाजपेयी, अनिल कुमार और हरिविलास यादव पिछले कई महीनों से उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान कर रहे थे और गलत काम करने का दबाव बना रहे थे। साथ ही कंपनी हड़पने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया गया है। साजिश के तहत दिया असलहा नेहा ने आरोप लगाया कि उनके पति के पास पहले से कोई असलहा नहीं था। अमितेंद्र सिंह ने ही गलत तरीके से उन्हें असलहा दिया था। जिससे अभिषेक ने खुद को गोली मारी। आरोप है कि मारपीट और धमकियों के बाद जानबूझकर उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया गया। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना चल रही है।