कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी, मासूम की मौत:चालक समेत परिवार के 4 घायल, फर्रुखाबाद में शादी से लौटते समय हादसा

फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। देर रात एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें बच्चा अपने परिवार के साथ शादी समारोह से लौट रहा था। हादसे में बच्चे की मां, दादी, बड़ा भाई और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए। साहिबगंज नारायण दास निवासी अभिजीत तिवारी का तीन वर्षीय पुत्र तेजस तिवारी अपनी मां पूजा तिवारी, 13 वर्षीय बड़े भाई चेतन तिवारी और दादी रीता तिवारी के साथ आवास विकास स्थित डायमंड पैलेस से लौट रहे थे। यह घटना देर रात हुई, जब वे ई-रिक्शा से अपने घर जा रहे थे। ई-रिक्शा जैसे ही बढ़पुर स्थित क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के सामने पहुंचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन वर्षीय तेजस को मृत घोषित कर दिया। दादी रीता तिवारी, मां पूजा तिवारी, भाई चेतन तिवारी और ई-रिक्शा चालक सोनू (निवासी हैवतपुर गड़िया) का इलाज जारी है।बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करेगी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।