कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। इस हादसे में महगांव निवासी मलखान सरोज (45) और उनकी पत्नी सीमा (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। यह दुर्घटना जीवनगंज ओवरब्रिज पर हुई। टक्कर लगने से दंपत्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही संदीपन घाट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायल दंपत्ति को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि मलखान अपनी पत्नी के साथ बाइक से जीवनगंज स्थित किसी रिश्तेदार के यहां गए थे। शाम को घर लौटते समय यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।