काशीपुर के आगा गांव में बारात चढ़त के बाद गेट रस्म को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने लड़की के दो भाइयों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यह घटना तब हुई जब बारात चढ़त के बाद घर के गेट पर पारंपरिक रस्में निभाई जा रही थीं। घायलों में से एक ब्रजकिशोर ने बताया कि लड़की के भाइयों ने दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों से गेट से हटने को कहा, जिस पर कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने शुरू में मामला शांत करा दिया था।
हालांकि, करीब बीस मिनट बाद दूल्हा पक्ष के छह से सात लोग कथित तौर पर दोबारा आए और दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए। घायल पक्ष ने थाना गंज में छह से सात नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना गंज प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है और रिपोर्ट तथा साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मारपीट की घटना के बाद आरोपी लाठी-डंडे छोड़कर फरार हो गए। अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल उपचार चल रहा है। ससुराल पक्ष के लोग फिलहाल इस घटना को लेकर कुछ भी कहने से इनकार कर रहे हैं।