कासगंज जिले में सोरों-कम्पिल मार्ग पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 530B) पर मुख्य सड़क बंद किए जाने के विरोध में ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन चल रहा था। गुरुवार देर शाम पुलिस और प्रशासन बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को जबरन हटा दिया, जिसके बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को जबरन हटाने का एक वीडियो भी सामने आया है। यह प्रदर्शन ग्राम पंचायत श्यामसर के नगला सेडू गांव के पास चल रहा था। ग्रामीण NH 530B पर सोरों से लगभग 150 गांवों के संपर्क मार्ग को बंद किए जाने का विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग उनके लिए कई आवश्यक सुविधाओं का एकमात्र रास्ता है। ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग का उपयोग बच्चे शिक्षा के लिए करते हैं। यह शहर के अस्पतालों तक पहुंचने का भी एकमात्र रास्ता है। इसके अतिरिक्त, लहसुन, मिर्च और सब्जी मंडी तथा अन्य कृषि संबंधी कार्यों के लिए भी ग्रामीण इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। फरवरी, मार्च और अप्रैल के महीनों में प्रतिदिन लगभग 15-20 आलू की लोडर गाड़ियां इसी मार्ग से गुजरती हैं। यह मार्ग सभी गांवों के लिए बाजार जाने का एकमात्र रास्ता है और इस पर पहले से ही दो रोडवेज बसें भी संचालित हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों से लोडर गाड़ियों और कृषि संबंधी मशीनों जैसे कंबाइन और हार्वेस्टर के लिए मुख्य मार्ग को खुला रखने का निवेदन किया था।