कासगंज में मतदाता सूची से 1.72,272 नाम हटे:कासगंज विधानसभा से सबसे ज्यादा 66 हजार 583 नाम हटाए गए, अब 8 लाख 85 हजार 644 बचे

कासगंज जिले में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के बाद कुल 1,72,272 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद अब जिले में कुल 8,85,644 मतदाता शेष बचे हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले की तीनों विधानसभाओं – कासगंज, अमापुर और पटियाली से ये नाम हटाए गए हैं। कासगंज विधानसभा (100) से सर्वाधिक 66,583 नाम हटाए गए हैं, जबकि अमापुर विधानसभा (101) से सबसे कम 46,516 नाम सूची से बाहर किए गए। पटियाली विधानसभा (102) से 59,173 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। हटाए गए नामों में विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं। इनमें 28,524 मतदाताओं के नाम मृत्यु के कारण हटाए गए। 57,801 मतदाता अनुपस्थित या अप्राप्य पाए गए, जबकि 70,041 मतदाता स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके थे। इसके अतिरिक्त, 10,661 मतदाताओं के नाम पहले से ही अन्य सूचियों में दर्ज थे, और 5,245 नाम अन्य कारणों से हटाए गए हैं। यह कार्रवाई मतदाता सूचियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। पुनरीक्षण से पहले, कासगंज विधानसभा में 3,73,408 मतदाता थे, जो अब 3,06,825 रह गए हैं। अमापुर विधानसभा में 3,20,279 मतदाता थे, जो घटकर 2,73,763 हो गए हैं। इसी तरह, पटियाली विधानसभा में 3,64,229 मतदाता थे, जिनमें से नाम हटने के बाद अब 3,05,056 मतदाता बचे हैं। जिले में कुल 1149 बीएलओ कार्यरत हैं। कुल 10,57,916 मतदाताओं में से 8,85,678 मतदाताओं की जानकारी डिजिटाइज्ड की जा चुकी है। 7,86,815 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 98,647 मतदाताओं की मैपिंग अभी बाकी है। दावे और आपत्तियों के लिए 6 फरवरी तक का समय निर्धारित किया गया है।