कासगंज जिले में होली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर में विभिन्न होलिका स्थलों पर महिलाएं विधि-विधान से पूजन कर रही हैं। सोमवार को होलिका पूजन होगा, जबकि मंगलवार रात होलिका दहन किया जाएगा। पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल मुस्तैद है। होली पर्व के मद्देनजर सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही थी। कासगंज कोतवाली क्षेत्र में लगभग 200 स्थानों पर होलिका दहन के लिए होलिकाएं स्थापित की गई हैं। इन सभी स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। महिलाएं पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ होलिका माता का पूजन कर रही हैं। भक्त होलिका में लौंग, कपूर और अगरबत्ती अर्पित कर रहे हैं। कई होलिका स्थलों पर आकर्षक रंगोलियां भी सजाई गई हैं। इसके अतिरिक्त, कई लोगों ने अपने घरों में भी होलिका स्थापित की है, जहां वे पूजन कर रहे हैं। जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकिता शर्मा ने होली पर्व के दौरान पुलिस टीम को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय पुलिस को यह भी निर्देशित किया है कि शराब पीकर सड़कों पर हुड़दंग करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।