लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में किराए का घर खाली कराने के विवाद में मकान मालिक ने महिला के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। घायल महिला की ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। ठाकुरगंज के बसंतकुंज सेक्टर-पी निवासी सरिता देवी करीब आठ महीने से फूलचंद के मकान में किराए पर रह रही थीं। बताया जा रहा है कि फूलचंद घर खाली कराना चाहता था। इसी बात को लेकर 6 नवंबर को दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। जो देखते-देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में फूलचंद ने लोहे की रॉड उठाकर सरिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सरिता मौके पर ही गिर पड़ीं। बेटी ममता ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। जहां रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद फूलचंद फरार हो गया था। मृतका की बेटी ममता की तहरीर पर ठाकुरगंज पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मंगलवार सुबह फूलचंद को सेक्टर- ओ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है।