किराडी फाटक के पास गौवंश से भरा डीसीएम ट्रक पकड़ाया:विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने की कार्रवाई की मांग

महोबा जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत किराडी फाटक के पास विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने गौवंश से भरे एक डीसीएम ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है। विश्व हिंदू महासंघ के मीडिया प्रभारी राजवीर सिंह को शाम को सूचना मिली थी कि एक डीसीएम ट्रक में अवैध रूप से गौवंश लादकर मध्य प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर संगठन से जुड़े कार्यकर्ता किराडी फाटक के पास एकत्र हो गए और संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद जब ट्रक वहां पहुंचा, तो कार्यकर्ताओं ने उसे रोकने की कोशिश की। चालक ने वाहन को तेज रफ्तार में भगाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पीछा करके काफी मशक्कत के बाद ट्रक को रोका। वाहन का निरीक्षण करने पर उसके अंदर कई गौवंश लदे पाए गए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन (नंबर MP 15 ZN 6958) को भटीपुरा चौकी परिसर में खड़ा करा दिया। विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने गौवंश तस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई और प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। शहर पुलिस का कहना है कि बरामद गौवंश कहाँ से लाए गए थे और किस जिले या राज्य में सप्लाई किए जाने थे, इस बारे में पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने पर आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।