ललितपुर में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक किसान ने अपनी जमीन पर कब्जे को लेकर आत्महत्या की धमकी दी। किसान ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत अध्यक्ष ने उसकी एक एकड़ जमीन पर कब्जा कर रखा है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच और जमीन की नाप के निर्देश दिए हैं। कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम मिर्चवारा निवासी किसान हरप्रसाद कुशवाहा ने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वह पिछले चार साल से अपनी जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग कर रहा है। उसने कहा कि इस संबंध में वह 37 बार लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन दे चुका है, जिसमें एक बार मुख्यमंत्री से मुलाकात भी हुई थी। किसान हरप्रसाद के अनुसार, उसकी एक एकड़ जमीन पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कब्जा कर रखा है और वे जमीन की नाप नहीं होने दे रहे हैं। उसने जिलाधिकारी से कहा कि यदि उसे उसकी जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया गया, तो वह आत्महत्या कर लेगा। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन ने आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा कोई कब्जा नहीं किया गया है। उनकी 3.90 एकड़ जमीन है और वे 3.80 डिसमिल पर काबिज हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जमीन की कई बार नाप हो चुकी है और रकबा कम है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने पीड़ित किसान को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी ने चकबंदी और राजस्व विभाग की एक संयुक्त टीम गठित कर मामले की जांच और जमीन की नाप करने के निर्देश दिए हैं।