किसान यूनियन नेता के घर से 1.06 करोड़ की चोरी:प्रयागराज में चोर 700 ग्राम सोना, 3.5 किलो चांदी के जेवर, 1.30 लाख कैश ले गए

प्रयागराज में किसान यूनियन के नेता के घर शनिवार रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर 1.06 करोड़ रुपए के गहने नगदी-उड़ा ले गए। चोरी गए सामान में 700 ग्राम सोना और 3.5 किलो चांदी के जेवरात के अलावा 1.30 लाख कैश शामिल है। पुलिस दिनभर छानबीन में जुटी रही लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। फिलहाल इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। गंगानगर के थरवई में वारदात घटना थरवई थाना क्षेत्र में हुई। यहां म​​​हमदपुर गांव के रहने वाले दीनानाथ शुक्ल ने बताया, वह घर के बाहर सो रहे थे, जबकि घर के अंदर उनकी मां, पत्नी और पुत्रवधू मौजूद थीं। रात 1:00 से 4:00 के बीच उनके घर चोरी की वारदात हुई। चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और पहली मंजिल पर जाने वाले रास्ते का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया, ताकि घर के सदस्य ऊपर न जा सकें। कमरों, अलमारी और बक्सों के ताले तोड़े चोरों ने पहली मंजिल पर बने सभी कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखा कीमती सामान समेट लिया। घटना के बाद घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। पत्नी के उठने पर हुई जानकारी करीब सुबह 4 बजे दीनानाथ शुक्ल की पत्नी जब ऊपर जाने लगीं तो रास्ते का दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर उन्होंने अपने पति को जानकारी दी। इसके बाद सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते ऊपर पहुंचे तो देखा कि सभी कमरों के ताले टूटे हुए हैं और अलमारी-बक्सों से जेवरात व नकदी गायब है। चोरी गए सामान और कुल अनुमानित मूल्य पीड़ित ने बताया कि इसके अलावा कुछ अन्य कीमती सामान भी चोरी हुआ है, जिसकी पूरी जानकारी अभी जुटाई जा रही है। डायल 112 और पुलिस मौके पर पहुंची घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और थरवई थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। स्वतंत्रता सेनानी का परिवार, पत्नी शिक्षामित्र दीनानाथ शुक्ल ने बताया कि उनके पिता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उनकी पत्नी निशा शुक्ला शिक्षामित्र हैं और वह किसान यूनियन (निर्मल गुट) की कोषाध्यक्ष भी हैं। इतने बड़े स्तर पर हुई चोरी से पूरा परिवार सदमे में है। एक करोड़ से अधिक की चोरी की इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी देने से बचते रहे थाना प्रभारी इस संबंध में थरवई थानाध्यक्ष संतोष कुमार पांडेय से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए कोई स्पष्ट जानकारी देने से परहेज किया। बोले, अभी मैं व्यस्त हूं, बाद में कोई जानकारी दे पाऊंगा।