कुशीनगर के दोराची नाले में मिला युवक का शव:पुलिस को पैर फिसलने से डूबने का अंदेशा, पीएम रिपोर्ट का इंतजार

कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र में 35 वर्षीय युवक का शव दोराची नाले में मिला। रविवार शाम करीब चार बजे मुजहना रहीम गांव के दक्षिण स्थित मौन नाले में शव देखकर बकरी चरा रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज रुपेंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को नाले से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान मुजहना रहीम वार्ड नंबर दो निवासी नरसिंह के पुत्र मुन्ना प्रसाद (35) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों के अनुसार, मुन्ना दो साल बाद शनिवार को गांव में दिखा था। वह मुंबई में काम करता था और कुशीनगर के पास अनिरुद्धवा गांव में उसकी ससुराल थी। मुन्ना अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और उसके तीन बेटियां तथा एक बेटा है। मृतक की सास ने बताया कि मुन्ना एक महीने से गांव आया हुआ था और उनके पास रहकर सेंट्रिंग का काम कर रहा था। शनिवार को ही वह मुजहना रहीम के लिए निकला था। नगर चौकी इंचार्ज रुपेंद्र पाल सिंह के अनुसार, दोराची नाले के पास एक गमछा, एक जोड़ी चप्पल और देसी शराब का एक पैकेट मिला है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पैर फिसलने से युवक की पानी में डूबकर मौत हुई है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। मृतक की पत्नी नंदनी देवी ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने मुन्ना की मौत मौन नाले में डूबने से होने की बात कही है।