कुशीनगर में छत ढलाई विवाद में ईंट-पत्थर चले:दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट, 5 लोग घायल

कुशीनगर जनपद के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के हरैया बुजुर्ग गांव में शनिवार को छत निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, प्रभावती देवी पत्नी स्वर्गीय कैलाश प्रसाद अपने घर की छत की ढलाई के लिए शटरिंग लगवा रही थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि हरिहर, प्रमोद, मोतीलाल और अभिषेक सहित लगभग आधा दर्जन पुरुषों और महिलाओं ने प्रभावती देवी, संगीता देवी पत्नी रामधनी, सिंधु देवी पत्नी राजेश, अमन पुत्र बबलू और आशा पत्नी मनोज पर हमला कर दिया। इस हमले में प्रभावती और संगीता देवी के हाथों में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के कारण घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलने पर 112 नंबर की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। सभी घायल—प्रभावती, संगीता, सिंधु, अमन और आशा—को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार शाम चार बजे उनका मेडिकल परीक्षण किया गया। कुबेरस्थान थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि यह विवाद छत की ढलाई बढ़ाने को लेकर हुआ था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।