कुशीनगर में तेल टैंकर की चपेट में आई बच्ची:मौके पर ही तोड़ा दम, भीड़ ने सड़क जाम कर अतिक्रमण हटाने की मांग की

कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के सपहा चौराहे पर रविवार शाम एक दुर्घटना हुई। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण भारत पेट्रोलियम के एक तेल टैंकर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालिका बउकी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और चौराहे से तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की। मृतक बालिका की पहचान नगर पालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर 3, संत गाडगे नगर बेनुआपुर निवासी संतोष कुमार की पुत्री बउकी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बउकी अपने पिता के साथ रिश्तेदारी से घर लौट रही थी। सपहा चौराहे पर उसके पिता संतोष बाजार करने चले गए। बउकी सड़क किनारे एक बाइक के सहारे खड़ी थी, तभी एक तेल टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बालिका का सिर टैंकर के पिछले पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सपा नेता ए के बादल, राज खरवार, परवेज आलम, छोटेलाल जायसवाल, जयप्रकाश कुशवाहा, दरोगा गोंड, अंगद केशरी, लक्ष्मन कुशवाहा, नन्हे शर्मा, सिकंदर चौहान, मुन्ना जायसवाल सहित अन्य लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ ने लगभग डेढ़ घंटे तक कसया-तुर्कपट्टी मार्ग को जाम रखा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जब तक चौराहे पर सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक वे शव को नहीं उठाने देंगे। मौके पर पहुंचे तहसीलदार कसया धर्मवीर सिंह ने लोगों को अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही नगरवासी शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए। कसया एसओ अभिनव मिश्र भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित किया।