कुशीनगर में युवक का देशी कट्टा लहराते वीडियो:पुलिस को देख आरोपी फरार, बाइक-कट्टा बरामद

कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थानाक्षेत्र में दो युवकों का देशी कट्टा लहराते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में युवक अपाचे बाइक के हेड पर कट्टा रखे और हाथों में लहराते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। दैनिक भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि इरफान इंसरी नामक एक फेसबुक यूजर ने यह वीडियो अपनी सोशल मीडिया स्टोरी पर पोस्ट किया था। बुधवार को पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर शाम पुलिस को आरोपियों का लोकेशन मिला। दरोगा राजकुमार ने अकेले ही चौरिया पुल के पास स्प्लेंडर बाइक से जा रहे आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी ने दरोगा के हाथ को दांत से काट लिया, जिससे उनकी पकड़ ढीली पड़ गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, आरोपी अपनी स्प्लेंडर बाइक (नंबर UP 57 BZ 1284) और देशी कट्टा मौके पर ही छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दोनों चीजें बरामद कर ली हैं और उन्हें थाने ले आई है। इस मामले पर जब कुबेरस्थान थानाध्यक्ष संदीप सिंह से संपर्क किया गया, तो उन्होंने पहले ऐसी किसी घटना से इनकार किया। लेकिन दरोगा का नाम और घटना स्थल बताने पर उन्होंने जानकारी जुटाने की बात कही। कुछ देर बाद थानाध्यक्ष ने पुष्टि करते हुए बताया कि “दी गई जानकारी में कुछ सच्चाई है। आरोपी को पकड़ने की कवायद चल रही है।” घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पाए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पचरुखिया और आसपास के ही रहने वाले हैं।