हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पनियहवा–नेबुआ हाइवे पर सोमवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात लगभग 10 बजे के करीब कोतरहवा पुल मोड़ के पास 30 वर्षीय वीरेन्द्र चौहान, पुत्र नंदू चौहान, निवासी ग्राम विशुनपुरा जंगल, थाना कोतवाली पडरौना, जिला कुशीनगर, अपनी मोटरसाइकिल से बगहा से केशवपट्टी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरेन्द्र चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर हनुमानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक वीरेन्द्र चौहान मेहनतकश और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।