कुशीनगर में हिस्ट्रीशीटर बाप-बेटे के घर पर फायरिंग:आपसी रंजिश में 4 नामजद; पुलिस ने की खोखा और बाइक बरामद

कुशीनगर में कप्तानगंज थाना क्षेत्र से महज 1 किमी की दूर बभनौली चौराहे के पास फायरिंग की घटना हुई। दो गुटों के बीच चल रही पुरानी रंजिश के चलते दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के बभनौली गांव निवासी कमलेश साहनी (4) अपने परिवार के साथ चौराहे पर ही रहते हैं। कमलेश और उनका बेटा दोनों थाने की हिस्ट्रीशीटर सूची में शामिल हैं। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे, जब परिवार के लोग घर पर खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। तभी कुछ बाइक और एक फोर-व्हीलर से पहुंचे हमलावरों ने उनके घर के बाहर फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने जब हमलावरों की घेराबंदी करने की कोशिश की, तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। जबकि उनकी दो बाइक मौके पर ही छूट गईं। सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और बाइकों के साथ कारतूस के खोखे बरामद कर जांच शुरू की। पीड़ित परिवार ने कप्तानगंज और आसपास के चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।