कुशीनगर में 19 वर्षीय युवती ने की खुदकुशी:घर में मोबाइल लेकर गई, शटर में ताला लगाकर दुपट्टे से फंदा बनाकर झूली

कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम लखिमा में सोमवार दोपहर एक 19 वर्षीय युवती ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के रछवापार निवासी खुशी सिंह (पुत्री शिवप्रताप सिंह) के रूप में हुई है। खुशी बचपन से ही लखिमा में अपने नाना बेगलाल सिंह के घर रहती थी। सोमवार दोपहर करीब दो बजे खुशी सिंह अपने नाना के अंदर वाले मकान में मोबाइल लेकर गई। उसने अंदर से शटर में ताला लगा दिया और पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर उससे लटक गई। जब उसके नाना बेगलाल सिंह ने काफी देर तक शटर बंद देखा, तो उन्होंने ताला तोड़कर अंदर देखा। खुशी पंखे से लटकी हुई मिली। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रविन्द राय, उपनिरीक्षक गिरजेश यादव, अविनाश, कॉन्स्टेबल अनिल यादव, मनोज कुमार, महिला कॉन्स्टेबल निरमा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। मृतका खुशी सिंह अपने दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता रोजगार के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। खुशी बचपन से ही अपने नाना के घर पर रह रही थी।