कूड़े में लगी आग, तीन पपी की जलकर मौत:बैंक अधिकारी पर जिंदा जलाने का आरोप, जांच में जुटी कोतवाली पुलिस

कूड़ा जलाने पर रोक होने के बाद बड़ा चौराहा स्थित इंडियन बैंक की शाखा में कूड़े में आग लगाया गया। जिसकी चपेट में आने से कुत्ते के तीन बच्चों की जलकर मौत हो गई। घटना के बाद एक शख्स ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। साथ ही बैंक के अधिकारी पर कुत्ते के बच्चों को जिंदा जलाकर मारने का आरोप लगाया गया, पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की। इंडियन बैंक की शाखा के परिसर में सोमवार रात को कूड़े के ढेर में आग लगाई गई। जिसकी चपेट में आने से तीन नवजात कुत्तों की मौत हो गई। मंगलवार जब बैंक के कर्मचारी पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद एक कर्मचारी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। साथ ही आरोप लगाया कि बैंक के एक अधिकारी के कहने पर चौकीदार और सुरक्षा गार्ड परिसर में मौजूद कुत्तों को मारते है। उनके कहने पर ही जान-बूझकर आग लगाकर कुत्तों को मारा गया है। कोतवाली थाना प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि मामले की जांचकर की जा रही है। आरोप साबित होने पर कार्रवाई की जाएगी।