आज (6 दिसंबर) पूरे यूपी में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। आज के दिन ही साल 1992 में अयोध्या में विवादित ढांचा गिराया गया था। इस बीच मिर्जापुर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- अगर पश्चिम बंगाल में बाबरी के नाम पर मस्जिद बनी तो उसे उसी समय ढहा दिया जाएगा। बंगाल में 2026 में भाजपा आने वाली है। वहीं, AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने ‘X’ एक अपनी स्पीच का एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा- जब तक दुनिया रहेगी, तब तक बाबरी मस्जिद का जिक्र करते रहेंगे। हम हिंदुस्तान में बाबरी मस्जिद की शहादत का जिक्र करते रहेंगे। दरअसल, बंगाल के मुर्शिदाबाद में TMC से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनने वाली मस्जिद की आधारशिला रखी। मौलवियों के साथ फीता काटकर औपचारिकताएं पूरी कीं। इससे पहले बाबरी विध्वंस की बरसी पर अयोध्या में राम मंदिर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई। पुलिस गश्त कर रही। लोगों को रोक-रोककर चेकिंग की। रेलवे स्टेशन पर लोगों से पूछताछ की गई। होटलों में रुके लोगों के बारे में भी डेटा जुटाया गया। गाड़ियों को रोककर डिक्की चेक की गई। ऐसे ही वाराणसी-मथुरा समेत तमाम शहरों में भी हाई अलर्ट है। काशी में करीब 15 हजार दुकानें बंद रहीं। दालमंडी, हड़हासराय थोक मंडी, बेनियाबाग और आसपास के बाजारों में दुकानें बंद रहीं। बाजारों में पोस्टर लगाकर बंद का ऐलान किया गया। श्री कृष्ण जन्मस्थान-शाही ईदगाह मामले में वादी कौशल किशोर ठाकुर महाराज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रशासन ने आज सभी को नोटिस देकर पाबंद किया था। तस्वीरें देखिए- यूपी में हाईअलर्ट से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे एक-एक ब्लॉग से गुजर जाइए…