केशव बोले- लड्‌डू खिलाने के लिए अखिलेश को ढूंढ रहा:एयरपोर्ट पर मुझसे मांगे थे, मिल जाएं तो रसगुल्ला भी खिलाऊंगा

बिहार चुनाव के दौरान पटना एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम केशव मौर्य हंसते-बतियाते दिखे थे। तब से चर्चा थी कि आखिर किस बात पर दोनों खिलखिला रहे थे। झांसी में केशव मौर्य ने सोमवार को उस बात का खुलासा किया। उन्होंने कहा- अखिलेश यादव ने मुझसे एयरपोर्ट पर पूछा था कि लड्‌डू कब खिला रहे हो? इस पर मैंने उन्हें 14 नवंबर को बिहार चुनाव में जीत के बाद लड्‌डू खिलाने का वादा किया था। अब BJP की जीत के बाद अखिलेश मिल ही नहीं रहे। हम उन्हें लड्‌डू खिलाने के लिए ढूंढ रहे। मीडिया के माध्यम से उन्हें आमंत्रित कर रहा हूं। वह आएं तो हम उन्हें लड्डू और रसगुल्ला खिलाएं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद तो तालाब में कूदे ही, अखिलेश को भी लेकर कूदे। राहुल गांधी अखिलेश यादव को लेकर भी तालाब में कूदे
SIR को लेकर केशव ने कहा- मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभियान लोकतंत्र का महायज्ञ है। इसको लेकर राहुल गांधी ने विरोध किया। राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा बिहार में उठाया। कहां गई उनकी पार्टी, छह सीटों पर ही सिमट गई। डिप्टी सीएम ने कहा- वह (राहुल) तालाब में कूद गए। मैंने कहा चाहे नदी में कूदो, चाहे तालाब में कूदो, चाहे कुआं में कूदो। तेजस्वी यादव को लेकर कूदो या फिर अखिलेश यादव को लेकर कूदो। जनता उनके आरोपों को नकार चुकी है और बिहार से संदेश दे चुकी है। देश को आतंकवाद, नक्सलवाद से मुक्त करेंगे
दिल्ली बम धमाके को लेकर केशव ने कहा- देश का दुश्मन जहां भी है, उसे सरकार, सुरक्षा बल, एजेंसियां ढूंढ कर देश को आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद से मुक्त करेंगे। ये दुख की बात है कि पढ़-लिखकर लोग आतंकवादी बन रहे हैं। अच्छा होता कि दिल्ली बम धमाके में पकड़े गए आतंकी वह काम करते, जिसके लिए उन्होंने पढ़ाई की थी। लेकिन, चाहे कोई पढ़ा-लिखा क्यों न हो, उसका भी वही हाल होगा, जो दूसरे का होता है। यूपी में BJP को रोकना, अखिलेश के बूते की बात नहीं
चिरगांव में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर एकता यात्रा निकाली गई। इसमें केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- बिहार में भाजपा ने ये सिद्ध कर दिया कि अब तुष्टीकरण, जातिवाद, परिवारवाद, जंगलराज की राजनीति का अंत शुरू हो गया है। जो लोग झूठ की राजनीति करते हैं, शब्दों की मर्यादा भूल गए हैं, उन्हें बिहार की जनता की तरह अब देश के हर राज्य में जनता जवाब देगी। अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए केशव ने कहा कि भाजपा को उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव रोकने की बात कर रहे हैं, लेकिन उनके बूते की बात नहीं है। वह भी राहुल गांधी के रास्ते पर चल रहे हैं। मुलायम का परिवार बिखरा, अब लालू का बिखर रहा
केशव ने कहा- राहुल गांधी भी भाजपा को देश में जीतने, मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक पाए। लोकसभा चुनाव के बाद भी हम हरियाणा जीते, महाराष्ट्र जीते, दिल्ली जीते और अभी बिहार भी जीते। अब गुंडागर्दी, बूथ लूटकर, देश लूटना, प्रदेश लूटना संभव नहीं, अब देश जाग गया है। लालू यादव के परिवार के बिखराव को लेकर केशव ने कहा कि परिवार राजनीति करने वालों का परिवार बिखरेगा। यहां उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव का परिवार बिखर ही चुका है, अब लालू यादव का परिवार भी बिखराव पर है। 2027 में यूपी का चुनाव प्रचंड बहुमत से जीतेंगे
केशव ने कहा- जिस तरह हम लोग बिहार जीते, दिल्ली और हरियाणा जीते, इसी तरह 2027 में उत्तर प्रदेश में भी प्रचंड जीत दर्ज करेंगे। क्योंकि, जनता का आशीर्वाद हमारे ऊपर, हमारे कामों के ऊपर और शीर्ष नेतृत्व पर बना हुआ है। जितने भाजपा विरोधी हैं, वह सोचते हैं कि परिश्रम भाजपा का कार्यकर्ता करे और चुनाव वो जीतें तो अब ऐसा नहीं होगा। केशव और अखिलेश की राजनैतिक तकरार पुरानी विधानसभा में योगी ने याद दिलाई थी मर्यादा
वैसे केशव और अखिलेश की राजनैतिक तकरार जग-जाहिर है। दोनों नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने का कोई मौक़ा नहीं छोड़ते हैं। दोनों ही OBC वर्ग से हैं। विपक्ष का नेता रहते अखिलेश और केशव में विधानसभा में कई बार वाक युद्ध हो चुका है। बात 25 मई, 2025 की है। अखिलेश यादव ने विधानसभा में केशव मौर्य पर तंज कसते हुए कहा, जनता ने इन्हें हराकर इनकी गर्मी निकाल दी है। यह पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे हैं। लेकिन ये भूल गए कि उनके जिला मुख्यालय की सड़क किसने बनाई? बताएं, फोर लेन किसने बनाई? यह बात केशव को बुरी लगी। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, आप भी 400 सीट का दावा कर रहे थे, आप खुद 100 सीट ही जीत पाए हैं। आपका अभी कोई भविष्य नहीं है, लेकिन आप कह रहे हैं कि सड़क किसने बनवाई, एक्सप्रेसवे किसने बनवाया, मेट्रो किसने बनवाई है, ऐसा लगता है कि सैफई बेचकर बनवाया है। इस अखिलेश यादव भड़क गए। उन्होंने कहा, तुम अपने घर या पिताजी से पैसा लेकर आते हो बनाने के लिए? राशन बांटा तो क्या पिताजी के पैसे से बांटा? इसके बाद सदन में हंगामा हो गया। सीएम योगी अपनी सीट से खड़े हुए। उन्होंने सभी को मर्यादा में रहने की नसीहत दी। क्यों केशव ही अखिलेश के निशाने पर सबसे ज्यादा?
डिप्टी सीएम केशव मौर्य समाजवादी पार्टी को हमेशा समाप्तवादी पार्टी कहते रहते हैं। अखिलेश भी तंज में उन्हें स्टूल मंत्री कहते हैं। हाल ही में केशव प्रसाद मौर्य के अयोध्या दीपोत्सव में नहीं जाने पर अखिलेश ने तंज कसा था कि जिन्हें जगह नहीं मिली अखबार में उनकी क्या हैसियत है सरकार में। केशव प्रसाद मौर्य को लेकर अखिलेश अधिक हमलावर रहते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह दोनों के पिछड़े वर्ग से होने का है। पीडीए के फार्मूले पर अखिलेश यूपी की सत्ता में वापसी की प्लानिंग में हैं। इसी पीडीए के पी को केशव मौर्य भी है। 2 X पोस्ट देखिए… यूजर्स की प्रतिक्रिया देखिए… ————- यह खबर भी पढ़िए… आजम और उनके बेटे को 7-7 साल की सजा: अब्दुल्ला के साथ आजम बिस्किट लेकर जेल गए, बोले- कोर्ट ने गुनहगार समझा तो सजा दी सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला को फिर 7-7 साल की सजा हुई है। रामपुर की एमपी/एमएलए कोर्ट ने फर्जी पैन कार्ड मामले में सोमवार को दोनों को दोषी करार दिया। थोड़ी देर बाद सजा सुना दी। कोर्ट ने दोनों पर 50-50 हजार का जुर्माना भी लगाया। फैसले के बाद कोर्ट में ही पुलिसकर्मियों ने आजम खान और अब्दुल्ला को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों को कड़ी सिक्योरिटी में कोर्ट से करीब एक किमी दूर बोलेरो से रामपुर जेल लेकर गई। पढ़ें पूरी खबर…