कैंपस प्लेसमेंट में CSJMU के 20 छात्र चयनित:अल्केम और एम्बिएंस कंपनी ने चयन किया, 45 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में स्थित स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग में 20 जनवरी 2026 को एक सफल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस प्लेसमेंट ड्राइव में भारत की टॉप-टेन फार्मेसी कंपनियों में शामिल Alkem Laboratories और Ambiens Pharmaceuticals ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विभाग में अध्ययनरत बीफार्मा एवं एमफार्मा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को रोजगार का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ। कुल 45 छात्र-छात्राओं ने इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के लिए पंजीकरण कराया था। जिनमें से 35 छात्र-छात्राएं लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार प्रक्रिया में सम्मिलित हुए। दोनों कंपनियों द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से छात्रों के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व का मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 35 प्रतिभागी छात्र-छात्राओं में से 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को अंतिम चयन हेतु चुना गया। चयनित प्रतिभागियों को अंतिम चयन के बाद मार्केटिंग व सेल्स पद पर कार्य करने के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह उपलब्धि छात्रों के लिए न केवल रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशिक्षण व्यवस्था को भी दर्शाती है। स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज के निदेशक डॉ. शशि किरण मिश्रा ने बताया कि,इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन विभाग की प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. मीनाक्षी गुप्ता, सहायक निदेशक तथा डॉ. पल्लवी तिवारी के अथक प्रयासों से संभव हो सका। उन्होंने कहा कि विभाग का निरंतर प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. अजय कुमार, डॉ. अनुप्रिया कपूर, सहायक निदेशक सहित अन्य शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे और चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय प्रशासन और विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह प्लेसमेंट ड्राइव विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।