कैंसर संस्थान में टेक्नीशियन की लापरवाही से एंडोस्कोपी मशीन खराब:जांच के बाद नौकरी से बर्खास्त, 9 लाख जुर्माना देना होगा

लखनऊ के चक गंजरिया स्थित कल्याण सिंह कैंसर सुपर स्पेशलिटी संस्थान के न्यूरो सर्जरी विभाग में एंडोस्कोप मशीन खराब हो गई है। आरोप है कि आउटसोर्सिंग पर तैनात टेक्नीशियन की कोताही से मशीन क्षतिग्रस्त हुई है। संस्थान प्रशासन ने टेक्नीशियन को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संस्था से क्षतिग्रस्त मशीन के एवज में नौ लाख रुपए जुर्माना वसूली के आदेश जारी किए गए हैं। कैंसर संस्थान के सीएमएस डॉ. विजेन्द्र कुमार की तरफ से आदेश जारी किया गया है। बताया गया है कि न्यूरो सर्जरी विभाग में आउटसोर्सिंग पर टेक्नीशियन की तैनाती थी। वह मरीजों के ऑपरेशन में डॉक्टरों की मदद करता था। जांच पूरी होने के बाद निर्देश जारी मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई। कमेटी ने जांच पड़ताल की। उसके बाद कमेटी ने पाया कि एंडोस्कोप की क्षति में टेक्नीशियन की लापरवाही है। लिहाजा कमेटी ने आरोपी टेक्नीशियन को बर्खास्त करने के निर्देश संस्था को दिए हैं। साथ ही फर्म उपकरण को क्षति के लिए करीब नौ लाख रुपए संस्थान को दिए।