कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार सोनभद्र पहुंचे:चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि, किसान सम्मेलन को किया संबोधित

उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार आज सोनभद्र जनपद पहुंचे। हिन्दुआरी में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री अनिल कुमार ने सिंचाई विभाग डाक बंगला, रॉबर्ट्सगंज परिसर में स्थित भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब किसानों की आवाज, भारतीय कृषि राजनीति के आधार स्तंभ और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के संरक्षक थे, जिनके विचार आज भी मार्गदर्शक हैं। श्रद्धांजलि के उपरांत, मंत्री ने राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) जिला कार्यालय में एक संक्षिप्त बैठक कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस पर मीडिया से भी मुलाकात की। तदुपरांत, मंत्री अनिल कुमार जंग बहादुर सिंह इंटर कॉलेज शाहगंज में आयोजित किसान सम्मेलन एवं एकता यात्रा के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने हजारों किसानों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि ही राष्ट्र की समृद्धि है, और सरकार की योजनाओं एवं संसाधनों का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने सोनभद्र के किसानों की कठिन परिस्थितियों में खेती को जीवित रखने की सराहना की और सभी से मिलकर पुनः एनडीए सरकार बनाने का आह्वान किया, ताकि किसानों के हित में बनी नीतियों और योजनाओं का लाभ निरंतर मिलता रहे। बाद में, मंत्री ने सोनभद्र सर्किट हाउस में एक प्रेस वार्ता की। बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी ने वहां चुनाव नहीं लड़ा है, लेकिन वे एनडीए के साथ मजबूती से खड़े हैं और एनडीए को ही उनका समर्थन है। पंचायत चुनाव पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि आरएलडी की इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी रहेगी। पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करने के लिए पूरी रणनीति तैयार कर रही है।