कैबिनेट मंत्री भी नहीं सुलझा सके महापौर-पार्षदों का झगड़ा:महापौर के बेटे बंटी ने पार्षद पवन और निक्कू के साथ मारपीट की, गालियां दीं

कानपुर में महापौर और पार्षदों के बीच विवाद कानपुर पहुंचे प्रभारी मंत्री व कैबिनेट मिनिस्टर योगेन्द्र उपाध्याय भी नहीं सुलझा सके। प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम से निकलते ही महापौर प्रमिला पांडेय के बेटे अमित पांडेय उर्फ बंटी पर भाजपा के पार्षदा पवन और निक्कू ने मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। इसके साथ ही दोनों पार्षदों ने मालमे में जिलाध्यक्ष को महापौर के बेटे बंटी के खिलाफ पत्र लिखकर शिकायत की है। दोनों पार्षदों ने बताया कि संगठन में मामले की शिकायत की है। इसके बाद मामले में महापौर के बेटे के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराएंगे। दोनों पार्षदों ने संगठन में की लिखित शिकायत, जल्द दर्ज कराएंगे FIR
वार्ड-37 आशोक नगर के पार्षद पवन गुप्ता ने बताया कि संगठन की ओर से मोतीझील लॉन नंबर-3 में अटल स्मृति सम्मेलन का रविवार को आयोजन किया गया था। संगठन के आदेश पर भारतीय जनता पार्टी के सभी पार्षद इसमें शामिल होने पहुंचे थे। इसमें कानपुर के प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब मैं वहां से निकला तो महापौर के बेटे अमित पांडेय उर्फ बंटी ने रास्ते में खड़े होकर हमारे आगे चल रहे पार्षद हरि स्वरूप तिवारी उर्फ निक्कू की कॉलर पकड़कर धमकी देते हुए कहा कि तेरे दिमाग बहुत खराब हैं, जल्द ही तेरे दिमाग ठीक कर दूंगा। दावा- बंटी ने धमकाया, कहा अब तुझे पता चलेगा
इसके बाद मुझे भी जॉकेट पकड़कर दबोच लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। बोले कि अब तू खुलकर आया है सामने, अब तुझको मालूम पड़ेगा कि बंटी पांडेय क्या हस्ती है। अमित पांडेय ने कहा कि तुझे बताता हूं। इसके बाद अपने साथियों के साथ वहां से निकल गए। मुझे डर है कि महापौर का बेटा बंटी मेरे साथ साजिश करके किसी भी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। पार्षद पवन गुप्ता और हरि स्वरूप तिवारी उर्फ निक्कू ने फौरन मामले की शिकायत संगठन के पदाधिकारियों से की। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित व शिवराम सिंह को लिखित पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी। पवन गुप्ता ने कहा कि मामले की पहले संगठन में जानकारी दी है। इसके बाद संगठन की अनुमति से मामले में जल्द ही एफआईआर भी दर्ज कराएंगे।