रामपुर के कैमरी थाना परिसर में पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने और थाने में आग लगाने की धमकी देने वाले युवक सूरज पटेल के खिलाफ आखिरकार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के लगभग 30 घंटे बाद की गई। इसकी पुष्टि एएसपी अनुराग सिंह ने सोमवार रात 9:44 बजे की। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। लॉकअप में बंद व्यक्ति से मिलने को लेकर हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, बीते रविवार को सूरज पटेल कैमरी थाने पहुंचा था। वह लॉकअप में बंद एक व्यक्ति से मिलने की जिद कर रहा था। इसी बात को लेकर उसकी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और थाना परिसर में आग लगाने की धमकी तक दे डाली। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो के वायरल होते ही मामला तूल पकड़ने लगा। वीडियो में युवक पुलिस को खुलेआम धमकाता हुआ नजर आ रहा है। इसके बाद एक और वीडियो सामने आया, जिसमें सूरज पटेल थाने में लिखित माफीनामा देते हुए माफी मांगता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह यह कहते हुए नजर आता है कि उसने आवेश में आकर गलत शब्दों का प्रयोग कर दिया था। माफी नहीं, कानून के तहत कार्रवाई हालांकि पुलिस ने माफीनामे को आधार बनाकर मामला रफा-दफा करने के बजाय कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया। करीब 30 घंटे बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। संगठन से जुड़ाव का दावा आरोपी युवक खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बता रहा है, लेकिन इस मामले में संगठन के किसी वरिष्ठ पदाधिकारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, गवाहों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।