कोहना थानाक्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर दबंगों ने लाठी–डंडे से युवक की पिटाई के बाद पथराव कर दिया। पथराव में कई लोग घायल हो गए। इलाकाई लोगों ने घरों में घुसकर जान बचाई। करीब 30 मिनट तक दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग एक दूसरे पर पथराव करते रहे। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने तीन नामजद समेत 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआई दर्ज कराई है। कोहना एसओ प्रतीक सिंह ने बताया कि कंपनी बाग चौराहा स्थित बरकाश होटल में कृष्णा वर्मा, अभिषेक निषाद, रितेश निषाद व कृष्णा सोनकर काम करते है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे को कृष्णा और अभिषेक में काम को लेकर झगड़ा हो गया था। जिस पर शनिवार को अभिषेक, अपने साथी रितेश, कृष्णा समेत अन्य लोगों के साथ लाठी–डंडे से लैस होकर पहुंचा और कृष्णा वर्मा पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में कृष्णा की ओर से लोग बीच बचाव करने पहुंचे तो दबंगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इलाकाई लोगों ने मामले की जानकारी कोहना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि कृष्णा की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।