कोहरा, शीतलहर और भीषण ठंड को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। नर्सरी से लेकर इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूलों में 1 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी सभी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। सुबह के समय ठंड और शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के कारण छोटे बच्चों और किशोर विद्यार्थियों के बीमार पड़ने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग की ओर से भी आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट तथा कोहरे के बने रहने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि अवकाश के आदेश का सख्ती से पालन किया जाए। किसी भी स्कूल द्वारा आदेश का उल्लंघन किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतें। वहीं, हालात सामान्य होने और मौसम में सुधार के बाद आगे के निर्देश जारी किए जाएंगे। डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर 1 जनवरी तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।