कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे मलहरा गांव के पास हावड़ा-दिल्ली रेल लाइन पर हुई। घटना के बाद युवक के शरीर के टुकड़े रेलवे पटरियों पर बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने अपनी बाइक रेल लाइन के किनारे खड़ी की। कुछ देर तक वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। इसके बाद उसने प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। देर शाम तक शव की शिनाख्त अनिल कुमार (30) पुत्र रामसूरत निवासी नगर पंचायत चरवा, थाना चरवा के रूप में हुई। अनिल घर पर रहकर वेल्डिंग का काम करता था। ग्रामीणों ने बताया कि घटना से पहले अनिल को रैयादेह माफी गांव के पास काफी देर तक फोन पर बात करते देखा गया था। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजनों को सूचना दी गई, जो घटनास्थल पर पहुंचे। संदीपन घाट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि हाल ही में अनिल और उसकी पत्नी के बीच कोई विवाद नहीं हुआ था। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और अनिल के मोबाइल फोन से अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।